देहरादून,
रक्षाबंधन के पावन अवसर पर आम जनता, विशेषकर बहनों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए देहरादून के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) स्वयं सड़कों पर उतरे और शहर की प्रमुख यातायात व्यवस्था का जायज़ा लिया।
SSP देहरादून ने सोमवार को दर्शनलाल चौक, घंटाघर, एस्लेहॉल चौक, दिलाराम चौक समेत शहर के अन्य भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अधीनस्थ अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
बरसात और त्यौहारी भीड़ के मद्देनज़र संभावित ट्रैफिक जाम की आशंका को देखते हुए SSP ने सभी थाना प्रभारियों को सतर्क रहने और प्रभावी व्यवस्था लागू करने के निर्देश दिए हैं।
🔸 SSP द्वारा जारी प्रमुख निर्देश:
- थाना स्तर पर व्यवस्थित यातायात योजना तैयार की जाए
- प्रमुख चौराहों व बाजार क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती हो
- ट्रैफिक पर निरंतर निगरानी रखते हुए उसका सुगम संचालन सुनिश्चित किया जाए
- बारिश से उत्पन्न अवरोधों को प्राथमिकता से हटाया जाए
SSP ने कहा, “हमारा प्रयास है कि भाई-बहन का यह पावन पर्व शहरवासियों के लिए पूरी तरह से सुरक्षित और सुगम बने। पुलिस बल पूरी तरह मुस्तैद है और हर स्तर पर सतर्कता बरती जा रही है।”
पुलिस विभाग का यह सक्रिय प्रयास रक्षाबंधन पर आमजन को राहत देने की दिशा में एक सराहनीय कदम माना जा रहा है।

--- 






