---Advertisement---

राजकीय बाल देखरेख संस्थाओं और महिला गृहों की प्रतिभा को मिला मंच, मुख्य सचिव ने सराहा हुनर

By: Naveen Joshi

On: Thursday, October 9, 2025 4:10 PM

Google News
Follow Us
---Advertisement---

 

 

देहरादून, मुख्य सचिव  आनंद बर्द्धन ने  सचिवालय परिसर में राजकीय बाल देखरेख संस्थाओं के बच्चों एवं राजकीय महिला गृहों की महिलाओं द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनी का शुभारंभ किया। दीपावली के उपलक्ष्य में महिला कल्याण विभाग द्वारा स्थापित ‘आलम्बन आउटलेट सेंटर’ के माध्यम से आयोजित इस प्रदर्शनी का शुभारंभ मुख्य सचिव ने दीप प्रज्वलित कर किया।

 

इस अवसर पर मुख्य सचिव ने कहा कि समाज की मुख्यधारा में लाने के लिए बाल देखरेख संस्थाओं में रहने वाले बच्चों को सशक्त एवं स्वावलंबी बनाने के कारगर प्रयास किए जाएं। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इन बच्चों के लिए कौशल विकास से जुड़ी नियमित और स्थायी प्रशिक्षण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।

 

बर्द्धन ने प्रदर्शनी में बच्चों एवं महिलाओं द्वारा निर्मित आकर्षक पेंटिंग्स और विभिन्न उत्पादों की सराहना करते हुए कहा कि इनकी प्रतिभा को और निखारने के लिए गुणवत्तापरक प्रशिक्षण व विपणन के अवसर बढ़ाए जाएं। उन्होंने महिला गृहों की संवासिनियों को व्यवसायिक प्रशिक्षण प्रदान करने तथा उत्पादों की गुणवत्ता संवर्द्धन की दिशा में ठोस कदम उठाने के निर्देश दिए।

 

महिला कल्याण विभाग द्वारा स्थापित ‘आलम्बन आउटलेट सेंटर’ के माध्यम से आयोजित यह प्रदर्शनी आगामी 17 अक्टूबर तक चलेगी। प्रदर्शनी में राजकीय बाल देखरेख संस्थाओं के बच्चों एवं राजकीय महिला गृहों की महिलाओं द्वारा निर्मित मोमबत्ती, करवा, दीये, चित्रकला, तोड़न, भीमल पेंटिंग एवं ऐंपण कला से बने अनेक आकर्षक उत्पाद प्रदर्शित एवं बिक्री के लिए रखे गए हैं।

 

इस अवसर पर महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास विभाग के सचिव  चन्द्रेश यादव, निदेशक  बी.एल. राणा, मुख्य परिवीक्षा अधिकारी  अंजना गुप्ता, राज्य नोडल अधिकारी आरती बलोदी, जिला परिवीक्षा अधिकारी  मीना बिष्ट तथा कार्यक्रम प्रबंधक प्रीति उपाध्याय उपस्थित रहे।

 

 

 

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Leave a Comment