देहरादून, गुरु नानक कॉलेज, देहरादून में चल रहे सात दिवसीय ओरिएंटेशन कार्यक्रम “विद्या आरंभ 2025” के दूसरे दिन का आयोजन उत्साह, रचनात्मकता और ज्ञानवर्धक गतिविधियों से परिपूर्ण रहा। कार्यक्रम का आरंभ कॉलेज के विभिन्न क्लब्स की प्रस्तुतियों से हुआ, जहाँ नवप्रवेशी छात्रों ने डांस, गायन, कविता आदि के माध्यम से अपनी बहुप्रतीक्षित प्रतिभाओं का प्रदर्शन किया। मुख्य आकर्षण रहे दो विशिष्ट अतिथि वक्ता – रंधीर कुमार (महतो) और तरुण कुमार गुप्ता, जिनका कॉलेज परिसर में ससम्मान स्वागत किया गया। कॉलेज निदेशक डॉ. एस. दुरैवेल एवं उप-निदेशक सुनील कुमार ने अतिथियों को पुष्पगुच्छ व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया।
AIIMS ऋषिकेश में ID-NAT (Hologic Panther) लैब का संचालन कर रहे रंधीर कुमार (महतो) ने Blood Banking, Molecular Testing एवं Immunology जैसे तकनीकी विषयों पर जानकारी साझा करते हुए विद्यार्थियों को करियर चयन, स्किल डेवलपमेंट और वैज्ञानिक दृष्टिकोण अपनाने के लिए प्रेरित किया। उनका सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी और प्रेरणास्पद रहा।
दूसरे सत्र में तरुण कुमार गुप्ता, सॉफ्टवेयर इंजीनियर, Mismo Systems, देहरादून, ने “How to Get into the IT Industry” विषय पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने Python, SQL, Oracle, Data Engineering सहित अन्य तकनीकी क्षेत्रों में करियर निर्माण की रणनीतियाँ, आवश्यक दक्षताएँ, इंटरव्यू टिप्स और इंडस्ट्री ट्रेंड्स साझा किए। तकनीकी क्षेत्र में रुचि रखने वाले छात्रों के लिए यह व्याख्यान अत्यंत लाभप्रद सिद्ध हुआ।
छात्रों में संवाद कौशल और सहभागिता को बढ़ावा देने हेतु “Infomania” गेम के अंतर्गत Ice Breaking सत्र का भी आयोजन किया गया। “Getting to Know Each Other” गतिविधि ने छात्रों को सहज वातावरण में एक-दूसरे से परिचित होने और टीम भावना को विकसित करने का अवसर प्रदान किया।
“विद्या आरंभ 2025” कार्यक्रम 31 जुलाई तक चलेगा, जिसमें विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों द्वारा करियर प्लानिंग, पर्सनैलिटी डेवलपमेंट, टेक्नोलॉजी, इनोवेशन एवं लीडरशिप जैसे विषयों पर संवाद होगा। यह कार्यक्रम छात्रों को न केवल अकादमिक रूप से, बल्कि उनके व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक जीवन के लिए भी सशक्त बनाने की दिशा में एक सार्थक पहल है।
इस आयोजन की सफलता में कॉलेज के शिक्षण व गैर-शिक्षण स्टाफ का विशेष योगदान रहा, जिनके सतत प्रयासों से यह कार्यक्रम प्रभावशाली ढंग से संचालित हो रहा है।
