
देहरादून, “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दून पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। सघन चेकिंग अभियान के दौरान पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई, जिसमें आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है।पुलिस कंट्रोल रूम को 16 अप्रैल की मध्यरात्रि एक संदिग्ध सफेद रंग की स्विफ्ट कार (UK08TA-9193) के हर्रावाला क्षेत्र में घूमने की सूचना मिली थी। सूचना पर चौकी हर्रावाला पुलिस मौके पर पहुंची तो कार चालक पुलिस को देखकर भागने लगा। बैरियर पर रोकने के प्रयास के बावजूद आरोपी ने वाहन तेज गति से स्लाइडिंग बैरियर को टक्कर मार दी और हरिद्वार की ओर फरार हो गया।पुलिस टीम ने तत्काल पीछा करते हुए उच्चाधिकारियों को सूचना दी, जिसके बाद सभी चेक पोस्ट अलर्ट कर घेराबंदी की गई। कुआंवाला के पास आरोपी का वाहन हाईवे किनारे लगे बोर्ड से टकरा गया, जिसके बाद वह जंगल की ओर भाग गया और पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी।आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी घायल हो गया। पुलिस ने मौके से एक देशी तमंचा (.315 बोर), दो खोखा कारतूस और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। घटना में प्रयुक्त वाहन को भी सीज कर लिया गया है।घायल आरोपी की पहचान क्रान्तानाथ (26 वर्ष) पुत्र मौसमनाथ निवासी सपेरा बस्ती, घिस्सुपुरा, थाना पथरी, जनपद हरिद्वार के रूप में हुई है। उसे उपचार के लिए दून अस्पताल में भर्ती कराया गया है।घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून अस्पताल पहुंचे और अधिकारियों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली।पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी कोतवाली डोईवाला और रानीपोखरी में दर्ज चोरी के मामलों में वांछित था। इसके अलावा उसके खिलाफ विभिन्न थानों में चोरी, आर्म्स एक्ट समेत कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।पुलिस के अनुसार आरोपी द्वारा पुलिस टीम पर फायरिंग करने और अवैध हथियार रखने के मामले में कोतवाली डोईवाला में उसके खिलाफ सुसंगत धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।बरामदगी:एक देशी तमंचा (.315 बोर)दो खोखा कारतूस व एक जिंदा कारतूसघटना में प्रयुक्त स्विफ्ट कार (UK08TA-9193)पुलिस का कहना है कि ऑपरेशन प्रहार के तहत जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।




