बेस कैंप से गौरीकुण्ड तक चौकियों का निरीक्षण, भीड़ प्रबंधन व आपात प्रतिक्रिया पर जोर
रुद्रप्रयाग, । चारधाम यात्रा के तहत केदारनाथ धाम आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुगमता सुनिश्चित करने के लिए उत्तराखण्ड पुलिस पूरी तरह मुस्तैद है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक रुद्रप्रयाग सुश्री निहारिका तोमर ने स्वयं केदारनाथ पैदल यात्रा मार्ग पर उतरकर व्यवस्थाओं का गहन स्थलीय निरीक्षण किया।
एसपी ने केदारनाथ बेस कैंप से लेकर गौरीकुण्ड तक के प्रमुख पड़ावों—लिंचोली, भीमबली एवं जंगलचट्टी—स्थित पुलिस चौकियों का पैदल भ्रमण कर सुरक्षा प्रबंधों, यातायात व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं का सूक्ष्म अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस बल से संवाद कर व्यवस्थाओं की वास्तविक स्थिति जानी और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने यात्रा कर रहे श्रद्धालुओं से सीधा संवाद कर उनकी समस्याओं, सुझावों और अनुभव के बारे में जानकारी ली। साथ ही घोड़ा-खच्चर संचालकों से भी बातचीत कर रूट मैनेजमेंट, संचालन व्यवस्था और सुरक्षा से जुड़े पहलुओं पर फीडबैक प्राप्त किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त सुझावों के आधार पर व्यवस्थाओं को और अधिक सुगम और प्रभावी बनाया जाए।
एसपी ने सभी चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया कि यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुरक्षा के साथ-साथ उनके सुचारु आवागमन, चिकित्सा सहायता और त्वरित प्रतिक्रिया प्रणाली को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। किसी भी आपात स्थिति में तत्काल सहायता उपलब्ध कराने के लिए पुलिस बल को सतर्क और सक्रिय रहने के निर्देश दिए गए।
इसके अलावा, भीड़ प्रबंधन को प्रभावी बनाए रखने और संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने पर भी जोर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि पुलिस मुख्यालय के निर्देश पर एसपी रुद्रप्रयाग पिछले छह दिनों से केदारनाथ धाम में कैंप कर व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी कर रही हैं। उत्तराखण्ड पुलिस के अनुसार, हर श्रद्धालु की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यात्रा मार्ग के सभी प्रमुख पड़ावों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुव्यवस्थित वातावरण मिल सके।





