Advertisement

देवभूमि आने वाले श्रद्धालुओं का स्वागत, भ्रामक खबर फैलाने वालों पर होगी कार्रवाई

By: Naveen Joshi

On: Tuesday, June 23, 2026 4:35 PM

Google News
Follow Us

 

देहरादून,  मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि चारधाम एवं हेमकुंट साहिब यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाएं राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने प्रदेश में आने वाले सभी श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों का स्वागत करते हुए उनसे देवभूमि उत्तराखण्ड की यात्रा का आनंद लेने तथा किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की।

सचिवालय में आयोजित एक उच्चस्तरीय बैठक में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को यात्रा व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उत्तराखण्ड आस्था, संस्कृति और प्राकृतिक सौंदर्य की अमूल्य धरोहर है तथा यहां आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु और पर्यटक का ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के साथ स्वागत किया जाता है।

मुख्यमंत्री ने कर्णप्रयाग और नगरासू में हाल ही में सामने आए घटनाक्रमों का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य सरकार, प्रशासन और पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई कर रहे हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी दोषी पाया गया है, उसके खिलाफ कार्रवाई की गई है और आगे भी तथ्यों के आधार पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।

धामी ने बताया कि प्रदेश में चारधाम यात्रा के साथ-साथ हेमकुंट साहिब यात्रा भी सुचारु रूप से संचालित हो रही है। चारधाम यात्रा में अब तक 40 लाख से अधिक श्रद्धालु दर्शन कर चुके हैं, जबकि हेमकुंट साहिब यात्रा के शुरुआती चरण में ही श्रद्धालुओं की संख्या पिछले वर्ष की तुलना में 25 हजार अधिक दर्ज की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखण्ड में सिख धर्म के तीन प्रमुख आस्था केंद्र—हेमकुंट साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब—स्थित हैं, जहां प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। सभी धर्मों और समुदायों का सम्मान करना देवभूमि की संस्कृति और परंपरा का अभिन्न हिस्सा है।

उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सूचनाएं प्रसारित करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि समाज में वैमनस्य फैलाने के प्रयास किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। ऐसी गतिविधियों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि संवाद, सद्भाव और सामाजिक सौहार्द के माध्यम से ही समाज की समस्याओं का समाधान संभव है तथा राज्य सरकार किसी भी व्यक्ति की गरिमा या धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने वाले कृत्यों को स्वीकार नहीं करेगी।

बैठक में बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन सहित शासन और पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

August 21, 2026

August 17, 2026

August 15, 2026

August 11, 2026

August 4, 2026

August 2, 2026

Leave a Comment