Advertisement

कृषि अनुसंधान और नवाचार से ही मिलेगा भविष्य की चुनौतियों का समाधान

By: Naveen Joshi

On: Friday, June 26, 2026 4:42 PM

Google News
Follow Us

 

पूर्व छात्र सम्मेलन का शुभारंभ, कृषि अनुसंधान, नवाचार और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में पूर्व छात्रों की भूमिका पर जोर

 

पंतनगर/देहरादून। पंडित गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में शुक्रवार को दो दिवसीय पूर्व छात्र सम्मेलन का शुभारंभ केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी तथा कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस अवसर पर आयोजित ‘ब्रेन 3.0 (बूस्टिंग रिसर्च, एकेडमिक, इनोवेशन एंड नेटवर्किंग)’ कार्यशाला में कृषि अनुसंधान, नवाचार और विकसित उत्तराखंड के निर्माण में पूर्व छात्रों की भूमिका पर विशेष जोर दिया गया।

केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि पंतनगर विश्वविद्यालय भारतीय कृषि के इतिहास का गौरवशाली केंद्र है, जिसने देश को वैज्ञानिक, नीति-निर्माता और कृषि उद्यमी दिए हैं। उन्होंने कहा कि भारत आज लगभग 377 मिलियन टन खाद्यान्न उत्पादन कर रहा है तथा चावल उत्पादन में विश्व में अग्रणी बन चुका है। इस उपलब्धि में पंतनगर विश्वविद्यालय का योगदान महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने कहा कि जलवायु परिवर्तन, मिट्टी के स्वास्थ्य, भूजल संरक्षण और बदलते मौसम जैसी चुनौतियों का समाधान वैज्ञानिक अनुसंधान और नवाचार से ही संभव है। उन्होंने किसानों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित उत्तराखंड के निर्माण में विश्वविद्यालयों के पूर्व छात्रों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने पूर्व छात्रों से कृषि अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप, मेंटरशिप तथा आधुनिक तकनीकों के माध्यम से राज्य के विकास में सक्रिय योगदान देने का आग्रह किया। उन्होंने पर्वतीय कृषि की चुनौतियों का उल्लेख करते हुए कहा कि जैविक खेती, कृषि प्रसंस्करण, मूल्य संवर्धन, ड्रोन तकनीक और डिजिटल कृषि के क्षेत्र में व्यापक संभावनाएं हैं, जिनका लाभ किसानों और युवाओं तक पहुंचाया जाना चाहिए।

मुख्यमंत्री ने कृषि उत्पादन से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रों और विशेषज्ञों की समिति गठित कर ठोस सुझाव देने की भी अपील की। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार स्टार्टअप नीति, कौशल विकास और नवाचार आधारित योजनाओं के माध्यम से युवाओं को नए अवसर उपलब्ध करा रही है।

कार्यक्रम से पूर्व केंद्रीय कृषि मंत्री और मुख्यमंत्री ने पंतनगर संग्रहालय एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया, विद्यार्थियों से संवाद किया तथा धान की रोपाई में भी भाग लिया। केंद्रीय मंत्री ने विश्वविद्यालय परिसर में पौधरोपण भी किया।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अतिथियों और पूर्व छात्रों का स्वागत करते हुए कहा कि राज्य गठन के बाद कृषि भूमि कम होने के बावजूद प्रदेश में कृषि उत्पादन में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। उन्होंने पंतनगर विश्वविद्यालय को हेरिटेज विश्वविद्यालय घोषित किए जाने का आग्रह भी किया।

कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट, विधायक शिव अरोरा, त्रिलोक सिंह चीमा, बंशीधर भगत, कुलपति डॉ. एस.के. कश्यप, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं पूर्व छात्र उपस्थित रहे।

For Feedback - feedback@example.com

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related News

August 21, 2026

August 17, 2026

August 15, 2026

August 11, 2026

August 4, 2026

August 2, 2026

Leave a Comment