देहरादून। उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ उपाध्यक्ष एवं एआईसीसी सदस्य सूर्यकांत धस्माना ने देहरादून स्थित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक तीर्थस्थल श्री झंडा साहिब, श्री दरबार साहिब पहुंचकर माथा टेका। इस दौरान उन्होंने दरबार साहिब के सज्जादानशीन परम पूज्य महंत श्री देवेंद्र दास जी महाराज से भेंट कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
मुलाकात के दौरान प्रदेश की शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर दोनों के बीच विस्तृत चर्चा हुई। महंत देवेंद्र दास जी महाराज ने बताया कि श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल में कैंसर विभाग का रेडिएशन ब्लॉक निर्माण के अंतिम चरण में है। इसके पूरा होने के बाद अस्पताल में कैंसर उपचार की सुविधाओं का विस्तार होगा। उन्होंने कैंसर के बढ़ते मामलों पर चिंता जताते हुए खानपान में मिलावट तथा यूरिया और कीटनाशकों के अत्यधिक इस्तेमाल को इसके प्रमुख कारणों में शामिल बताया।
इस अवसर पर सूर्यकांत धस्माना ने कहा कि शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में जो कार्य सरकारें अपेक्षित रूप से नहीं कर पा रही हैं, वह कार्य श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल और एसजीआरआर संस्थान बेहतर ढंग से कर रहे हैं। उन्होंने इन संस्थानों की सेवाओं और सामाजिक योगदान की सराहना की।
इसके बाद धस्माना ने दरबार साहिब की गौशाला का भ्रमण किया और हाल ही में लाई गई गिर नस्ल की गायों को देखा। उन्होंने गौ-सेवा के कार्य की प्रशंसा की। साथ ही लंगर हॉल का निरीक्षण कर वहां संचालित निशुल्क भोजन सेवा को मानवता और सेवा भावना का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।इस दौरान अमित धवन भी उपस्थित रहे।













