देहरादून। कंट्रोल रूम के माध्यम से चौकी आईएसबीटी को सूचना प्राप्त हुई कि शिमला बाईपास चौक पर एक महिला ट्रक की चपेट में आ गई है। सूचना मिलते ही चौकी आईएसबीटी से पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा और घायल महिला को 108 एंबुलेंस के माध्यम से दून अस्पताल भिजवाया गया, जहाँ चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि करीब 55 वर्षीय वृद्ध महिला शिमला बाईपास चौक पर सड़क पार कर रही थी, तभी ट्रक संख्या UK07 CB 0196 ने उसे टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। पुलिस द्वारा ट्रक को कब्जे में ले लिया गया है तथा फरार चालक की तलाश की जा रही है।
मृतक महिला की पहचान मुर्शिदुल निशा (55 वर्ष) पत्नी मोहम्मद कमर, निवासी बंसल होम, शिमला बाईपास, पटेलनगर, देहरादून के रूप में हुई है। पुलिस द्वारा शव का पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई जा रही है। पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी है।
