देहरादून, भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय में आज “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के तहत भव्य कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ, जिसमें महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ उमेश अग्रवाल सहित सभी अतिथियों ने सहभागिता की।
महानगर अध्यक्ष ने अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत 2047 के संकल्प को साकार करने की दिशा में मील का पत्थर सिद्ध होगा।
कार्यक्रम के मुख्य वक्ता, उत्तराखंड सरकार के दर्जाधारी मंत्री एवं आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के प्रदेश संयोजक कुलदीप कुमार ने कहा कि देश तभी विकसित होगा जब हर नागरिक स्वदेशी उत्पादों को अपनाने की दिशा में आगे आएगा। उन्होंने कहा कि “हर घर स्वदेशी, घर-घर स्वदेशी” केवल एक नारा नहीं, बल्कि राष्ट्र की आर्थिक आज़ादी का अभियान है।
उन्होंने बताया कि भाजपा द्वारा 25 सितंबर से 25 दिसंबर तक आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत विभिन्न जन-जागरण कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं — जिनमें कार्यशालाएं, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं, युवाओं एवं महिलाओं के सम्मेलन, और ‘लोकल फॉर वोकल’ को प्रोत्साहन देने हेतु व्यापारी व लघु उद्योग संवाद शामिल हैं।
कुलदीप कुमार ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे बूथ स्तर तक जाकर स्वदेशी उत्पादों के उपयोग को बढ़ावा दें तथा आने वाले सभी त्योहारों में स्वदेशी वस्तुओं को प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि यह केवल राजनीतिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का सामूहिक आंदोलन है।
इस अवसर पर राजपुर विधायक खजान दास ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने के लिए हर नागरिक को अपने जीवन में स्वदेशी उत्पादों को अपनाना चाहिए।
कार्यक्रम में रायपुर विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’, सविता कपूर, विनोद उनियाल, मधु भट्ट, श्याम अग्रवाल, शादाब सम, प्रताप सिंह पवार, सुनील शर्मा, संदीप मुखर्जी, विजेंद्र थपलियाल, संकेत नौटियाल, ओम कक्कड़, मोहित शर्मा, अक्षत जैन, विनोद शर्मा, मोतीराम सहित मंडल अध्यक्ष, महामंत्री, मोर्चा पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन “स्वदेशी अपनाओ, भारत बढ़ाओ” के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ ।
