हरिद्वार,
भारतीय मानक ब्यूरो (BIS), जो उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय, भारत सरकार के अधीन कार्यरत है, द्वारा शुक्रवार को हरिद्वार के रोशनाबाद क्षेत्र में एक विशेष उपभोक्ता जागरूकता प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम सामाजिक समावेशन की दिशा में एक उल्लेखनीय प्रयास था, जिसमें ट्रांसजेंडर समुदाय, महिला स्वयं सहायता समूहों और स्थानीय नागरिकों की भागीदारी रही।
कार्यक्रम का आयोजन BIS देहरादून कार्यालय द्वारा आदर्श युवा समिति, हरिद्वार के सहयोग से किया गया।
कार्यक्रम के दौरान BIS के अधिकारियों ने प्रतिभागियों को उपभोक्ता अधिकारों, सुरक्षा उपायों और मानकीकरण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। मुख्य विषयों में ISI व हॉलमार्क चिन्ह की पहचान, प्रमाणित उत्पादों की जांच, और जिम्मेदार उपभोक्ता व्यवहार शामिल रहे।
रावली महदूद ग्राम प्रधान प्रमोद पाल ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा,
“BIS द्वारा किया जा रहा यह जागरूकता प्रयास अत्यंत सराहनीय है। हम चाहते हैं कि ऐसे कार्यक्रम और अधिक बार हों ताकि उपेक्षित समुदाय भी अपने अधिकारों के प्रति सजग हो सकें।”
कार्यक्रम में BIS से मानक संवर्धन अधिकारी सरिता त्रिपाठी, वर्तिका डोभाल, NGO प्रतिनिधि, तथा बड़ी संख्या में महिलाएं और ट्रांसजेंडर प्रतिभागी शामिल हुए।
उल्लेखनीय है कि BIS उपभोक्ताओं के बीच गुणवत्ता, सुरक्षा और मानकीकरण के महत्व को लेकर निरंतर अभियान चला रहा है, और यह कार्यक्रम उपभोक्ता सशक्तिकरण तथा सामाजिक समावेशन की दिशा में एक और सार्थक कदम साबित हुआ।
