सीमावर्ती चेकपोस्टों और आन्तरिक मार्गों पर वाहनों व व्यक्तियों की कठोर जांच
बाहरी राज्यों से आने वालों से पूछताछ कर ली जा रही आवश्यक सत्यापन संबंधी जानकारी
देहरादून। राजधानी दिल्ली में हुई आतंकी घटना के बाद आमजन की सुरक्षा को लेकर प्रदेश पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों और अन्य संवेदनशील स्थानों पर आतंकवादी तथा आपराधिक घटनाओं की रोकथाम के लिए समय-समय पर सघन चैकिंग अभियान चलाने के आदेश दिए गए हैं। इसी क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देशन में आज 22 नवंबर 2025 को जनपद के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में व्यापक चैकिंग अभियान चलाया गया। सभी क्षेत्राधिकारियों के नेतृत्व में पुलिस की विभिन्न टीमों ने सीमावर्ती चेकपोस्टों, आन्तरिक मार्गों, धार्मिक स्थलों के आसपास तथा व्यस्त बाजार क्षेत्रों में संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की कड़ी जांच की। चैकिंग के दौरान बाहरी राज्यों से आने वाले वाहनों व व्यक्तियों की विशेष रूप से जांच कर उनकी पहचान, आने-जाने के उद्देश्य तथा सत्यापन संबंधी आवश्यक जानकारियां एकत्र की गईं। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा। एसएसपी देहरादून ने स्पष्ट किया कि जनपद में शांति और सुरक्षा बनाए रखना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई की जाएगी।
