देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशों के क्रम में शुक्रवार को सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी की अध्यक्षता में पत्रकार कल्याण कोष (कॉरपस फंड) तथा मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पत्रकारों के हित से जुड़े महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर विचार किया गया।
समिति द्वारा पत्रकार कल्याण कोष से पन्द्रह दिवंगत पत्रकारों के आश्रितों को 5-5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान किए जाने की संस्तुति की गई है। इसके साथ ही गंभीर बीमारी से जूझ रहे दो पत्रकारों को चिकित्सा उपचार हेतु 5-5 लाख रुपये की सहायता देने का प्रस्ताव भी अनुमोदित किया गया।
बैठक में समिति ने मुख्यमंत्री पत्रकार सम्मान पेंशन योजना के तहत चार वरिष्ठ पत्रकारों को प्रतिमाह 8,000 रुपये की सम्मान पेंशन दिए जाने की भी संस्तुति की।
सूचना महानिदेशक बंशीधर तिवारी ने कहा कि राज्य सरकार की प्रतिबद्धता के अनुरूप पत्रकारों के कल्याण से जुड़े मामलों पर विभाग पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संकट की स्थिति में पत्रकारों और उनके आश्रितों को संभव हर सहायता देने का प्रयास जारी है, जिसके लिए नियमित रूप से समिति की बैठकें आयोजित की जा रही हैं।
बैठक में संयुक्त निदेशक के.एस. चौहान, नितिन उपाध्याय, वरिष्ठ वित्त अधिकारी शशि सिंह तथा समिति सदस्य लक्ष्मण सिंह नेगी, गिरीश तिवारी, अमित शर्मा और शशि शर्मा उपस्थित रहे।
