देहरादून, उत्तराखंड में ग्रामीण उद्यमों को सशक्त बनाने और उन्हें बाजार से जोड़ने की दिशा में एक अहम पहल करते हुए उत्तराखंड ग्राम्य विकास समिति (UGVS) ने इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड (IOCL) के साथ नॉन-फ्यूल रिटेल (NFR) क्षेत्र में राज्य-स्तरीय सहयोग के लिए आशय पत्र (LoI) पर हस्ताक्षर किए हैं।
यह आशय पत्र सचिवालय, देहरादून में सचिव ग्राम्य विकास, उत्तराखंड शासन की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। UGVS की ओर से सुश्री झरना कमठान, अपर सचिव, ग्राम्य विकास तथा IOCL की ओर से श्री कृष्ण कुमार गुप्ता, डिविजनल रिटेल सेल्स हेड ने हस्ताक्षर किए। इस अवसर पर इंडियन ऑयल के कार्यकारी निदेशक एवं राज्य प्रमुख (UPSO&II) श्री हेमंत राठौर भी उपस्थित रहे।
इस साझेदारी के अंतर्गत IFAD-वित्तपोषित ग्रामीण उद्यम त्वरण परियोजना (REAP) से जुड़े सामुदायिक-आधारित संगठनों (CBOs) एवं ग्रामीण उद्यमियों को इंडियन ऑयल के रिटेल आउटलेट्स से जोड़ा जाएगा। योजना के तहत प्रदेशभर के IOCL ईंधन स्टेशनों पर ‘HILANS आउटलेट्स/कैफे’ स्थापित किए जाएंगे, जहां स्थानीय एवं ग्रामीण उत्पादों की बिक्री की जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान पहला समझौता ज्ञापन (MoU) बांदल घाटी क्लस्टर लेवल फेडरेशन, रायपुर (देहरादून) के साथ किया गया, जिससे इस पहल का जमीनी स्तर पर क्रियान्वयन प्रारंभ हो गया है।
यह साझेदारी ग्रामीण उद्यमों को स्थायी बाजार उपलब्ध कराने, आय सृजन के नए अवसर पैदा करने तथा पेट्रोल पंपों पर उपभोक्ता सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। साथ ही यह पहल उत्तराखंड सरकार के समावेशी एवं बाजार-आधारित ग्रामीण विकास के दृष्टिकोण को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।
