रुद्रप्रयाग की तहसील बसुकेदार अंतर्गत बड़ेथ डुंगर तोक क्षेत्र में बादल फटने की घटना के कारण मलबा आने से कई स्थानों पर नुकसान की सूचना प्राप्त हुई है। जिला प्रशासन द्वारा प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य युद्धस्तर पर संचालित किए जा रहे हैं।
जिलाधिकारी रुद्रप्रयाग प्रतीक जैन आपदा कंट्रोल रूम से लगातार स्थिति की निगरानी कर रहे हैं तथा संबंधित अधिकारियों से संपर्क बनाए हुए हैं। प्रभावित क्षेत्रों में जिला स्तरीय अधिकारियों की तैनाती की गई है। जिलाधिकारी ने बचाव कार्यों को त्वरित और प्रभावी ढंग से संचालित करने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए हैं।
जिला आपदा कंट्रोल रूम में जिलाधिकारी की अध्यक्षता में सभी विभागीय अधिकारी परस्पर समन्वय के साथ लगातार कार्यरत हैं। प्रभावित क्षेत्रों में NH, PWD और PMGSY की अलग-अलग टीमों को मार्ग खोलने के लिए लगाया गया है। राहत दलों को प्रभावित गांवों तक पहुँचाने के लिए वैकल्पिक मार्ग भी चिह्नित किए जा रहे हैं। जिला स्तर से विभिन्न अधिकारियों को राजस्व निरीक्षकों एवं स्थानीय कार्मिकों के साथ प्रभावित ग्रामों में तत्काल कार्यवाही हेतु भेजा गया है।
प्राप्त प्रारंभिक सूचनाएँ निम्नवत् हैं –
स्यूर : एक मकान क्षतिग्रस्त, बोलेरो वाहन बहने की सूचना।
बड़ेथ, बगडधार, तालजामनी : गदेरे में पानी व मलबा आने की सूचना।
किमाणा : खेती की भूमि व सड़क पर बोल्डर एवं मलबा जमा।
अरखुण्ड : मछली तालाब एवं मुर्गी फार्म बह गए।
छेनागाड़ (बाजार क्षेत्र) : बाजार में मलबा भरने एवं वाहनों के बहने की सूचना।
छेनागाड़ डुगर गांव : कुछ लोगों के गुमशुदा होने की सूचना।
जौला बड़ेथ : कुछ लोगों के गुमशुदा होने की सूचना।
जिला प्रशासन प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुँचाने तथा त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के लिए हर संभव प्रयास कर रहा है। राहत एवं बचाव कार्यों में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस एवं राजस्व विभाग की टीमें सक्रिय रूप से जुटी हुई हैं।
