Prabhat Chingari
उत्तराखंडधर्म–संस्कृति

श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगत के साथ दी लंगर सेवा

देहरादून, आस्था, श्रद्धा और भक्ति के अद्भुत संगम के रूप में प्रसिद्ध श्री झण्डे जी मेले की तैयारियों के साथ ही श्री दरबार साहिब परिसर में आध्यात्मिक उल्लास का वातावरण दिन-प्रतिदिन गहराता जा रहा है। गुरुवार को दरबार श्री गुरु राम राय जी महाराज के सज्जादे गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेन्द्र दास जी महाराज ने संगतों के साथ लंगर सेवा कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया।

होली पर्व के उपरांत श्री दरबार साहिब की रौनक और भी बढ़ गई है। देश-विदेश से आने वाली संगतों के आगमन से परिसर भक्ति भाव से सराबोर होता जा रहा है। संगतों की बढ़ती संख्या के साथ ही मेले की चहल-पहल तेज हो गई है और पूरा वातावरण “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय-जयकार” के उद्घोष से गुंजायमान हो रहा है।

इन दिनों श्री दरबार साहिब परिसर को विशेष रूप से सजाया जा रहा है। मेला बाजार में दुकानों की साज-सज्जा को लेकर व्यापारियों में भी खासा उत्साह दिखाई दे रहा है। मेले में लगने वाले विभिन्न आकर्षक झूले भी कारीगरों द्वारा अंतिम रूप से तैयार कर लिए गए हैं। कुल मिलाकर श्री झण्डे जी मेले की रौनकों में चार चांद लगने लगे हैं और पूरा परिसर उत्सव के रंग में रंगता नजर आ रहा है।

देश के विभिन्न हिस्सों विशेषकर उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखण्ड, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश और राजस्थान से श्रद्धालु गुरुवार देर शाम तक श्री दरबार साहिब पहुंचते रहे। मेला प्रबंधन समिति का अनुमान है कि पवित्र श्री झण्डे जी (ध्वज दण्ड) के दर्शन के लिए लाखों की संख्या में संगत और श्रद्धालु श्री दरबार साहिब पहुंचेंगे। यह ऐतिहासिक और आस्था का महापर्व 26 मार्च 2026 को रामनवमी के पावन अवसर पर सम्पन्न होगा।

गुरुवार को नियमित पूजा-अर्चना के उपरांत श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज ने संगतों को दर्शन दिए और अपने संदेश में सभी राज्यवासियों एवं देशवासियों को श्री झण्डे जी मेले की हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने श्री झण्डा जी मेला आयोजन समिति के पदाधिकारियों एवं अधिकारियों को मेले की व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित बनाए रखने के निर्देश भी दिए।

श्री झण्डा जी मेला आयोजन समिति द्वारा मेले की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। श्री दरबार साहिब के लंगर हॉल में संगतों के लिए लंगर प्रसाद की विशेष व्यवस्था की गई है। वर्तमान में संगतों की सेवा के लिए तीन बड़े लंगर निरंतर चल रहे हैं, जहां दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं को प्रेमपूर्वक प्रसाद ग्रहण कराया जा रहा है।

मेला अधिकारी विजय गुलाटी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था के तहत मेला परिसर में 42 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिनसे पूरे क्षेत्र की निगरानी की जा रही है। साथ ही श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल के डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ की टीम शुक्रवार से मेला अस्पताल में सेवाएं देगी। श्रद्धालुओं के लिए निःशुल्क दवाइयों की व्यवस्था भी की गई है तथा चिकित्सा सुविधा के लिए दो एम्बुलेंस तैनात रहेंगी।

इसके अतिरिक्त अग्नि सुरक्षा के लिए मेला स्थल पर 25 फायर एक्सटिंग्विशर लगाए गए हैं। मेला समिति की ओर से 35 वर्दीधारी सुरक्षा गार्ड और लगभग 500 संगत स्वयंसेवक व्यवस्था एवं अनुशासन बनाए रखने के लिए तैनात रहेंगे, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

इसी क्रम में शुक्रवार, 6 मार्च को एक महत्वपूर्ण धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया जाएगा। एसजीआरआर पब्लिक स्कूल, बॉम्बे बाग से संगतें नए ध्वज दण्ड को अपने कंधों पर उठाकर श्री दरबार साहिब लेकर आएंगी।

श्रीमहंत देवेंद्र दास जी महाराज की अगुवाई में शुक्रवार सुबह 7:30 बजे संगतें एसजीआरआर पब्लिक स्कूल बॉम्बे बाग से प्रस्थान करेंगी। यह शोभायात्रा टीएचडीसी चौक, श्री महंत इन्दिरेश अस्पताल, पटेल नगर और लाल पुल चौक से होते हुए मातावाला बाग मार्ग के रास्ते श्री दरबार साहिब पहुंचेगी। इस दौरान पूरा मार्ग “श्री गुरु राम राय जी महाराज की जय-जयकार” के जयकारों से गूंज उठेगा और संगतों की आस्था व भक्ति का अद्भुत दृश्य देखने को मिलेगा।

Related posts

दून के ऐतिहासिक श्री झंडेजी का आरोहण 30 मार्च को होगा….

prabhatchingari

पीएनबी ने सतर्कता जागरूकता सप्ताह (वी. ए. डब्लूए) – 2025 मनाने के लिए आयोजित किया साइक्लोथॉन 

cradmin

गजल्ड में आदमखोर का आतंक—दो शूटर तैनात, रात में अतिरिक्त रोशनी

cradmin

मणिपाल अस्पताल में नई तकनीक से ३० वर्षीय माँ की जान और मातृत्व दोनों सुरक्षित

cradmin

यमुनोत्री धाम कपाट खुलने की तिथि घोषित

prabhatchingari

उद्यान विभाग में जल्द होगी 415 मालियों की भर्ती: मंत्री गणेश जोशी

prabhatchingari

Leave a Comment