देहरादून, उत्तराखण्ड की विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खण्डूरी ने कहा कि ज्यादा से ज्यादा महिलाओं को राजनीति में आना चाहिये। वे समाज की दशा और दिशा दोनों बदल सकती हैं।
स्पीकर ऋतु खण्डूरी आज ग्राफिक एरा में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर आयोजित समारोह को मुख्य अतिथि के रूप में सम्बोधित कर रहीं थीं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को साल के पूरे 365 दिन सम्मान मिलना चाहिये। आज की महिलाएं चाय बेचने से लेकर, रिक्शा चलाकर भी अपना परिवार चला रहीं हैं। वे बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल करने की क्षमता रखती हैं। उन्हांेने कहा कि विभिन्न क्षेत्रों में महिलाओं की भागेदारी को बढ़ावा देने के लिये पंचायत में 50 प्रतिशत आरक्षण, विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण व लड़कियों की पढ़ाई से लेकर कौशल जागृत करने तक की योजनाएं राज्य में चलाई जा रहीं हैं। श्रीमती खण्डूरी ने गृहणियांे को कामकाजी महिलाओं के जितना ही सम्मान देने का आह्वान किया।
देहरादून की नगर आयुक्त आईएएस नमामी बंसल ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि महिलाओं को परिवार के साथ खुद पर भी ध्यान देना चाहिये क्योंकि उनके विकसित होने से समाज और भी ज्यादा विकसित होगा। महिलाओं को वित्तीय रूप से आत्मनिर्भर होने के साथ ही खुश होना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि जिन्दगी में सफलता पाने के लिये छोटे-छोटे लक्ष्यों को भी सेलिब्रेट करना चाहिये व ऐसे कार्य करने चाहिये जिससे माता-पिता गौरान्वित महसूस करें। 
समारोह में ग्राफिक एरा ग्रुप आॅफ इंस्टीट्यूशन्स की वाईस चेयर पर्सन डा. राखी घनशाला ने महिलाओं को खुद पर भरोसा रखने और आगे बढ़ते रहने के लिये प्रेरित किया। ग्राफिक एरा अस्पताल की प्रसूति व स्त्री रोग विशेषज्ञ डा. दिव्या मिश्रा ने महिलाओं के स्वास्थ्य की महत्वता पर प्रकाश डाला। समारोह में विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती ऋतु खण्डूरी, आईएएस नमामी बंसल व डा. दिव्या मिश्रा के साथ ही ग्राफिक एरा में दो दशक से सेवा करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया। इसमें रूचिरा रावत, डा. किरण शर्मा, डा. शालिनी सिंह व अन्य महिलाएं शामिल हैं। इस अवसर पर ग्राफिक एरा की 250 से ज्यादा महिला कर्मियों को पुरूस्कृत किया गया।
समारोह में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी व ग्राफिक एरा हिल यूनिवर्सिटी की महिला पदाधिकारी, शिक्षिकाएं व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। संचालन डा. भारती शर्मा व डा. ताहा सिद्धकी ने किया।
prabhatchingari
I am a passionate editor who loves to cover each and every news and present it forward .
For Promotion Related Queries Contact :- 9897399127
