देहरादून। कमान संभालते ही एसएसपी देहरादून एक्शन मोड में नजर आए हैं। जनपद में आपराधिक घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने तथा मुख्य मार्गों पर पुलिस की विजिबिलिटी बढ़ाकर आमजन में सुरक्षा का भाव जागृत करने के उद्देश्य से एसएसपी द्वारा नगर एवं देहात क्षेत्र में 20 चेकिंग प्वाइंट चिन्हित किए गए हैं।
निर्देशित किया गया है कि सभी चिन्हित चेकिंग प्वाइंटों पर समय बदल-बदल कर दिन एवं रात्रि में सघन चेकिंग अभियान चलाया जाए। इन स्थानों पर पुलिस द्वारा बैरियर लगाकर लगातार प्रभावी चेकिंग सुनिश्चित की जाएगी, जिससे संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों पर कड़ी निगरानी रखी जा सके।
इसके अतिरिक्त सभी क्षेत्राधिकारियों को अपने-अपने सर्किल में स्थित चेकिंग प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल की उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। ड्यूटी में तैनात पुलिस कर्मियों की नियमित ब्रीफिंग करते हुए संदिग्ध व्यक्ति अथवा वाहन की सूचना तत्काल कंट्रोल रूम के माध्यम से प्रसारित करने को कहा गया है। साथ ही चेकिंग के दौरान आमजन के प्रति संयमित एवं मर्यादित व्यवहार बनाए रखने पर भी विशेष जोर दिया गया है।
एसएसपी ने स्पष्ट किया है कि चेकिंग में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता पाए जाने पर संबंधित पुलिसकर्मी के साथ-साथ संबंधित थाना प्रभारी एवं पर्यवेक्षण अधिकारी का भी उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाएगा।
जनपद में कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
