देहरादून, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के सख्त निर्देशों के बाद दून पुलिस ने वारंटियों के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए एक ही रात में 27 फरार वारंटी अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। मां0 न्यायालय से प्राप्त गैर जमानती वारंटों की शत-प्रतिशत तामीली सुनिश्चित करने के उद्देश्य से यह विशेष अभियान चलाया गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा सभी थाना प्रभारियों को वारंटियों की धरपकड़ के लिए प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए थे। उक्त निर्देशों के क्रम में दिनांक 17-02-2026 की रात्रि को जनपद के विभिन्न थाना क्षेत्रों में पुलिस टीमों ने दबिश देकर विभिन्न प्रकरणों में फरार चल रहे 27 वारंटियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार वारंटियों में थाना नेहरू कॉलोनी, कोतवाली पटेलनगर, ऋषिकेश, रायपुर, डालनवाला, क्लेमेंट टाउन, कैण्ट सहित अन्य थाना क्षेत्रों के अभियुक्त शामिल हैं। सभी अभियुक्तों के विरुद्ध न्यायालय से गैर जमानती वारंट जारी थे और लंबे समय से फरार चल रहे थे।
पुलिस द्वारा गिरफ्तार अभियुक्तों को नियमानुसार न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया जा रहा है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया है कि वारंटियों एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और कानून से बचने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।
दून पुलिस की इस ताबड़तोड़ कार्रवाई से वारंटियों में हड़कंप मचा हुआ है, वहीं आमजन में पुलिस की सक्रियता को लेकर सकारात्मक संदेश गया है।
