मुख्यमंत्री ने किया ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल के 12वें वार्षिकोत्सव का शुभारंभ
देहरादून/ऋषिकेश। मुख्यमंत्रि धामी ने ढालवाला स्थित ऋषिकेश इंटरनेशनल स्कूल के 12वें वार्षिकोत्सव कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने स्कूल प्रबंधन, शिक्षकों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि बच्चे हमारे भविष्य के कर्णधार हैं, जो आगे चलकर देश-प्रदेश का नाम रोशन करेंगे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा केवल रोजगार प्राप्ति का माध्यम नहीं, बल्कि इसका उद्देश्य चरित्र निर्माण, राष्ट्र निर्माण और मानव उत्थान भी होना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों में अनुशासन, संस्कार और सेवाभाव की भावना का विकास अत्यंत आवश्यक है। वार्षिकोत्सव की थीम ‘सोल ऑफ इंडियन कल्चर’ भारतीय संस्कृति की गहराई और समृद्धता को दर्शाती है।
धामी ने कहा कि भारतीय संस्कृति सभी संस्कृतियों की जननी है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत अपने गौरवशाली अतीत के साथ नई ऊंचाइयों की ओर अग्रसर है। आज देश सभी क्षेत्रों में विश्व पटल पर अपनी पहचान बना रहा है। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के युग में भी बच्चों को योग, संस्कार और सादगी का महत्व समझना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में उत्तराखंड सरकार शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर गुणात्मक सुधार कर रही है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 लागू करने वाला उत्तराखंड देश का पहला राज्य है। राज्य में युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित किए जा रहे हैं। औद्योगिक संस्थानों से एमओयू के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण व रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। स्टार्टअप को प्रोत्साहन देने के लिए प्रशिक्षण संस्थान भी स्थापित किए गए हैं।
धामी ने कहा कि राज्य की अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में महिला स्वंय सहायता समूहों की महत्वपूर्ण भूमिका है। ‘हाउस ऑफ हिमालयाज’ के माध्यम से स्थानीय उत्पादों को बाजार मिल रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद 26 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां प्रदान की गई हैं। राज्य के समग्र विकास के लिए हर क्षेत्र में नवाचार किए जा रहे हैं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, भाजपा जिलाध्यक्ष उदय सिंह रावत, स्कूल के चेयरमैन मोहन डंग, जिलाधिकारी टिहरी नितिका खण्डेलवाल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आयुष अग्रवाल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
