देहरादून। वसंत विहार क्षेत्र में दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले शातिर चोर को दून पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी ने 31 अक्टूबर की रात जीएमएस रोड स्थित तीन अलग-अलग दुकानों को निशाना बनाते हुए ज्वेलरी, नकदी, लैपटॉप, मोबाइल फोन समेत अन्य सामान चोरी किया था। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।
एसएसपी देहरादून के निर्देश पर चोरी की लगातार हुई घटनाओं के खुलासे के लिए थाना वसंत विहार पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गई थीं। पुलिस टीमों ने घटनास्थलों का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे करीब 70 सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। संदिग्धों के हुलिये के आधार पर मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया और पूर्व में चोरी की घटनाओं में शामिल रहे आरोपियों की जानकारी जुटाई गई।
पुलिस की जांच और लगातार प्रयासों के बाद दो नवंबर को मुखबिर की सूचना पर मलिक चौक के पास चेकिंग के दौरान आरोपी सुमित उर्फ सत्यम उर्फ चीरवा (22) को चोरी के सामान के साथ गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी मूल रूप से देहराखास, थाना पटेलनगर का निवासी है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नशे का आदी है। नशे की लत पूरी करने के लिए उसने जीएमएस रोड स्थित अलग-अलग दुकानों के ताले तोड़कर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया था। चोरी किए गए जेवरात, लैपटॉप, मोबाइल फोन और अन्य सामान को बेचने की फिराक में था, लेकिन इससे पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी आदतन अपराधी है और पूर्व में भी चोरी समेत अन्य आपराधिक मामलों में जेल जा चुका है। वह कुछ दिन पहले ही जमानत पर बाहर आया था। उसके खिलाफ पटेलनगर, नेहरू कॉलोनी और वसंत विहार थानों में चोरी, नकबजनी, एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक ब्लैक एसर लैपटॉप, वीवो कंपनी के दो मोबाइल फोन, सफेद धातु की एक जोड़ी पायल, एक चैन और 4,300 रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, तीनों चोरी की घटनाओं के संबंध में थाना वसंत विहार में भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(2) के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज किए गए थे। आरोपी की गिरफ्तारी को इन घटनाओं के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।













