देहरादून। महिला हरितालिका तीज कमेटी नेहरूग्राम द्वारा पशुपतिनाथ मंदिर प्रांगण में भव्य तीज उत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मेयर सौरभ थपलियाल तथा विशिष्ट अतिथि के रूप में शुभवंती उपाध्याय की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम का शुभारंभ थराली एवं धराली में आई आपदा में मृतकों की आत्मा की शांति हेतु दो मिनट का मौन रखकर किया गया। इसके उपरांत पारंपरिक वेशभूषा में महिलाओं ने गीत-संगीत, नृत्य व विभिन्न खेलों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। तीज क्वीन प्रतियोगिता में नेहरूग्राम की मीरा थापा विजेता बनीं, जिन्हें पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
समिति की अध्यक्षा मंजू थापा, सचिव ममता थापा, उपाध्यक्ष सविता थापा, संयुक्त सचिव शगुन छेत्री एवं कोषाध्यक्ष शासक थापा सहित भारी संख्या में उपस्थित महिलाओं ने मुख्य अतिथि का स्वागत पुष्पगुच्छ भेंटकर किया।
मेयर सौरभ थपलियाल ने इस सांस्कृतिक धरोहर और परंपरा को बनाए रखने के लिए समिति की सराहना की और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। कार्यक्रम के अंत में समिति की ओर से सभी अतिथियों को पारंपरिक दर (भोजन) का प्रसाद ग्रहण कराया गया।
