नई टिहरी, विकास भवन, नई टिहरी में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारियों व कर्मचारियों के लिए भारतीय मानक ब्यूरो (BIS) द्वारा एक दिवसीय संवेदीकरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य उपभोक्ता अधिकारों की जानकारी देना और गुणवत्तापूर्ण उत्पादों के चयन के लिए जागरूक करना रहा।
कार्यक्रम का संचालन BIS देहरादून के निदेशक सौरभ तिवारी के निर्देशन में हुआ। इस अवसर पर स्टैंडर्ड प्रमोशन ऑफिसर सरिता तिवारी, तथा BIS टीम के सदस्य दीपक पांडे, स्मिता भट्ट और संजय तिवारी मौजूद रहे।
मुख्य अतिथि के रूप में मुख्य विकास अधिकारी वरुणा अग्रवाल ने BIS की पहल की सराहना करते हुए कहा कि गुणवत्तायुक्त उत्पाद उपभोक्ता हितों की रक्षा के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में भी सहायक हैं। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि BIS द्वारा साझा जानकारी को आंगनबाड़ी और क्षेत्रीय स्तर पर प्रचारित किया जाए।
विशिष्ट अतिथि जिला विकास अधिकारी प्रो. असलम और जिला कार्यक्रम अधिकारी संजय गौरव ने भी BIS की इस पहल की सराहना की। श्री गौरव ने भविष्य में सभी आंगनबाड़ी केन्द्रों में इस प्रकार के जागरूकता शिविरों के आयोजन की बात कही।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, कर्मचारी व पर्यवेक्षक मौजूद रहे। वक्ताओं ने भारतीय मानकों, ISI चिह्न, उत्पाद चयन और उपभोक्ताओं के अधिकारों पर विस्तृत जानकारी दी।कार्यक्रम के अंत में BIS टीम द्वारा सभी प्रतिभागियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया गया।
