भाजपा महानगर की बैठक में आगामी कार्यक्रमों पर चर्चा
कार्यक्रमों में आम जनमानस की सहभागिता सुनिश्चित करने का आह्वान
देहरादून। भारतीय जनता पार्टी महानगर कार्यालय में शनिवार को कार्यकर्ताओं की बैठक आयोजित की गई, जिसमें आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक की अध्यक्षता महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल ने की।
बैठक में उन्होंने बताया कि 26 अक्टूबर को देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम का प्रसारण सभी मंडलों एवं बूथ स्तर तक सुनाया जाएगा। इसके साथ ही आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के तहत प्रत्येक मंडल में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि 31 अक्टूबर, लौहपुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती से प्रारंभ होकर एक सप्ताह तक सभी विधानसभा क्षेत्रों एवं मंडलों में पदयात्रा निकाली जाएगी। इस पदयात्रा का उद्देश्य जनसंपर्क बढ़ाना और पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाना रहेगा।
सिद्धार्थ अग्रवाल ने सभी पदाधिकारियों से आग्रह किया कि वे इन कार्यक्रमों में आम जनमानस की अधिक से अधिक सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि पार्टी के उद्देश्यों और योजनाओं को समाज के प्रत्येक वर्ग तक पहुंचाया जाए।
बैठक में महामंत्री विजेंद्र थपलियाल, उपाध्यक्ष सुनील शर्मा, राजेश कंबोज, संकेत नौटियाल, जगदीश सेमवाल, विनोद शर्मा, मीडिया प्रभारी अक्षत जैन, बबलू बंसल, आशीष शर्मा, सुषमा कुकरेती, तृप्ति जाटव सहित सभी मंडल अध्यक्ष एवं महामंत्री उपस्थित रहे।
