देहरादून/रुद्रप्रयाग, जनपद प्रभारी मंत्री सौरभ बहुगुणा ने अपने रुद्रप्रयाग दौरे के दौरान आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों और प्रभावित क्षेत्रों की समीक्षा बैठक ली। इस दौरान उन्होंने विभागवार कार्यों का जायजा लेते हुए अधिकारियों की तत्परता की सराहना की और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
जिला कार्यालय के सभागार कक्ष में आयोजित बैठक में मंत्री बहुगुणा ने मानसून सत्र के दौरान हुई क्षति का विस्तृत विवरण प्राप्त किया। उन्होंने प्रभावित सड़कों, सिंचाई नहरों, पेयजल योजनाओं, स्वास्थ्य और अन्य विभागों के कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि शासन को भेजे गए प्रस्तावों पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के सहयोग से कार्य कर योजनाओं को शीघ्र स्वीकृत कराया जाए।
मंत्री बहुगुणा ने कहा कि आपदा पीड़ितों को मानकों के अनुरूप सहायता उपलब्ध कराने के साथ मानवता का परिचय देना आवश्यक है। सभी विभाग समन्वयपूर्वक कार्य करें ताकि योजनाओं का धरातलीय क्रियान्वयन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग, पीएमजीएसवाई व राष्ट्रीय राजमार्ग की क्षतिग्रस्त सड़कों का भी स्थलीय निरीक्षण किया। मयाली–गुप्तकाशी, मक्कू और बिजराकोट मोटर मार्गों के कार्यों को शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए। साथ ही रुद्रप्रयाग–गौरीकुंड राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी आवश्यक सुधार कार्य तत्काल शुरू करने को कहा।
रुद्रप्रयाग विधायक भरत सिंह चौधरी ने पीएमजीएसवाई के अधूरे पुलों व मार्गों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि यात्रा सीजन से पहले इन्हें पूरा किया जाना जरूरी है। केदारनाथ विधायक श्रीमती आशा नौटियाल ने पेयजल योजनाओं और जल जीवन मिशन के कार्यों में तेजी लाने का आग्रह किया।
बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष पूनम कठैत, भाजपा जिलाध्यक्ष भारत भूषण भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी राजेंद्र सिंह रावत सहित सभी विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।
