देहरादून, ग्राफिक एरा ग्लोबल विद्यालय में वार्षिक स्पोर्ट्स डे का आयोजन अत्यंत हर्षोल्लास, उत्साह और अनुशासनपूर्ण वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि की गरिमामयी उपस्थिति ने आयोजन की शोभा को और बढ़ा दिया।स्पोर्ट्स डे का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं मशाल प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत विद्यालय के प्रधानाचार्य द्वारा सभी विद्यार्थियों को खेल शपथ दिलाई गई, जिसमें ईमानदारी, अनुशासन एवं खेल भावना के साथ प्रतियोगिताओं में भाग लेने का संकल्प लिया गया। 2025 में उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती के अवसर पर इस स्पोर्ट्स डे को विशेष रूप से राज्य को समर्पित किया गया। इसी क्रम में प्री-प्राइमरी के नन्हे विद्यार्थियों द्वारा उत्तराखंड के राज्य प्रतीकों पर आधारित आकर्षक एवं मनमोहक प्रस्तुति दी गई, जिसने उपस्थित जनसमूह का मन मोह लिया। कार्यक्रम के दौरान विभिन्न कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग प्रकार की दौड़ प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। साथ ही विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत योगा ड्रिल ने स्वस्थ जीवन शैली, अनुशासन और संतुलन का प्रभावशाली संदेश दिया।प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विजेता विद्यार्थियों को मेडल एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में विद्यार्थियों को खेलों के महत्व, टीम भावना तथा जीवन में अनुशासन की भूमिका पर प्रेरणादायक विचार साझा किए। समापन राष्ट्रगान के साथ किया गया। यह आयोजन विद्यार्थियों में खेल भावना के विकास के साथ-साथ उत्तराखंड राज्य के गौरवशाली इतिहास एवं संस्कृति के प्रति सम्मान और गर्व की भावना जागृत करने में सफल रहा।
