देहरादून, : तालियों, रोशनी और उत्साह से सजी शाम में ग्राफिक एरा डीम्ड यूनिवर्सिटी ने बी.टेक नए छात्रों का भव्य स्वागत किया। यह सिर्फ औपचारिक स्वागत नहीं था, बल्कि मस्ती, संगीत और दोस्ती से भरा ऐसा जश्न था जिसने हर फ्रेशर को यूनिवर्सिटी की स्नेहपूर्ण संस्कृति से परिचित कराया।
कार्यक्रम की शुरुआत धमाकेदार परफ़ॉर्मेंस से हुई। कम्प्यूटर साइंस, मेकैनिकल, एयरोस्पेस समेत विभिन्न विभागों के छात्र-छात्राओं ने गायन, नृत्य, नाटक और फैशन शो से मंच को जीवंत कर दिया। शाम का मुख्य आकर्षण फैशन शो राउंड रहा, जिसमें नवप्रवेशी छात्रों ने अपने आत्मविश्वास और पर्सनैलिटी का प्रदर्शन किया।
इसके बाद सबसे बेसब्री से इंतजार किए जाने वाले क्षण—टाइटल होल्डर्स की घोषणा—का समय आया। मिस्टर फ्रेशर का खिताब ऋतांश और मिस फ्रेशर का ताज मनीषा को दिया गया। वहीं, मिस्टर एलीगेंट दिवांश, मिस एलीगेंट जिया, मिस्टर डैज़लर अंश और मिस डैज़लर गौरी चुने गए।
कार्यक्रम का आयोजन यूनिवर्सिटी के मेन ग्राउंड में हुआ। इसमें प्रो-वाइस चांसलर डॉ. संतोष एस. सर्राफ, कुलसचिव डॉ. नरेश कुमार शर्मा, डीन इंटरनेशनल अफेयर्स डॉ. डी. आर. गंगोडकर, विभिन्न विभागाध्यक्ष, शिक्षक-शिक्षिकाएं और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
