देहरादून। सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था, जिसमें एक व्यक्ति अपनी कार से बाहर हाथ में चापड़ (बड़ा चाकू) लेकर वाहन चलाते हुए दिखाई दे रहा था। वीडियो वायरल होते ही वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून द्वारा मामले का संज्ञान लेते हुए संबंधित युवक की पहचान कर उसके विरुद्ध त्वरित वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
निर्देशों के अनुपालन में थाना कैंट पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए वीडियो में दिखाई दे रहे वाहन के संबंध में जानकारी एकत्र की। टीम ने आरोपी वाहन चालक को शीघ्र ही हिरासत में ले लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से वही अवैध चापड़ बरामद हुआ, जो वीडियो में प्रदर्शित किया गया था।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करते हुए उसे गिरफ्तार कर लिया। साथ ही, वीडियो में प्रयुक्त थार वाहन को भी पुलिस ने सीज कर लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अक्षांश सकलानी पुत्र स्वर्गीय अजय मोहन सकलानी, निवासी बाल शिक्षा निकेतन, कोलागढ़, थाना गढ़ी कैंट, देहरादून, उम्र 29 वर्ष के रूप में हुई है।
देहरादून पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इस प्रकार के असामाजिक एवं भय उत्पन्न करने वाले कृत्य किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे। पुलिस द्वारा सोशल मीडिया पर निगरानी रखी जा रही है तथा इस तरह की गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
