देहरादून, मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा संचालित ऑटोमेटेड पार्किंग प्रोजेक्ट के तहत “सखी कैब” निःशुल्क शटल सेवा अब और सशक्त हो रही है। जिला ग्राम्य विकास अभिकरण, देहरादून को 2 नए ईवी वाहन (टाटा पंच) आवंटित किए गए हैं, जबकि 6 अतिरिक्त ईवी वाहन जल्द ही बेड़े में शामिल किए जाएंगे। सखी कैब” के माध्यम से परेड ग्राउंड, घंटाघर, सुभाष रोड, गांधी पार्क आदि क्षेत्रों में 5 किमी के दायरे में निःशुल्क परिवहन सुविधा दी जा रही है। यह पहल शहर में सुगम यातायात और महिला सशक्तीकरण की दिशा में एक अभिनव प्रयास है।जिलाधिकारी सविन बंसल ने बताया कि देहरादून में 3 नई ऑटोमेटेड पार्किंग — परेड ग्राउंड (111 वाहन), तिब्बती मार्केट (132 वाहन) और कोरोनेशन (18 वाहन) — कुल 261 वाहन क्षमता की तैयार की गई हैं, जिन्हें शीघ्र ही मा0 मुख्यमंत्री जनता को समर्पित करेंगे। अनधिकृत पार्किंग पर सख्ती के लिए प्रशासन ने एक समर्पित क्रेन भी तैनात की है। परेड ग्राउंड स्थित पार्किंग का संचालन राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के अंतर्गत गठित “कृष्णा स्वयं सहायता समूह, विकासनगर” द्वारा किया जा रहा है।
