देहरादून, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, पुलिस लाइन, देहरादून में गुरुवार को वार्षिक समारोह बड़े उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हुआ। इस वर्ष समारोह का थीम “नवरस – द नाइन एलिमेंट्स ऑफ इमोशन” रखा गया, जिसके अनुरूप विद्यार्थियों ने विविध भावनाओं को मंच पर सजीव रूप में प्रस्तुत किया।कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि सौरभ थपलियाल, मेयर देहरादून द्वारा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके उपरांत सरस्वती वंदना की मनमोहक प्रस्तुति ने वातावरण को भक्तिमय बना दिया।कार्यक्रम के प्रारंभ में श्री गुरु राम राय मिशन की गौरवशाली यात्रा पर आधारित प्रेरणादायक वीडियो प्रदर्शित किया गया। तत्पश्चात प्रधानाचार्या प्राची जुयाल ने स्वागत भाषण में सभी अतिथियों, अभिभावकों एवं विद्यार्थियों का अभिनंदन किया। उन्होंने बताया कि इस वर्ष स्पोर्ट्स डे और एनुअल डे को संयुक्त रूप से आयोजित किया गया, जिसमें विद्यार्थियों की सहभागिता 90 प्रतिशत से अधिक रही — यह विद्यालय की निरंतर प्रगति और विद्यार्थियों की लगन का प्रमाण है।
प्री-प्राइमरी वर्ग के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से दर्शकों का दिल जीत लिया। कक्षा एक के बच्चों ने हास्य रस पर आधारित प्रस्तुति देकर सबके चेहरों पर मुस्कान बिखेरी।
तनु और इशिका द्वारा भगवान शिव पर आधारित नृत्य “नवरस” की थीम का मुख्य आकर्षण रहा। इसके बाद विद्यालय के चारों सदनों द्वारा विविध रसों पर आधारित नृत्य-नाटिकाएँ और समूह नृत्य प्रस्तुत किए गए, जिन्होंने जीवन के विभिन्न भावों को खूबसूरती से मंच पर जीवंत किया। विशिष्ट अतिथि अभिनव थापर, अध्यक्ष श्री रामकृष्ण लीला समिति टिहरी (1952) ने बच्चों की सृजनात्मकता और आत्मविश्वास की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय प्रशासन द्वारा “नवरस” जैसी थीम को वार्षिकोत्सव से जोड़ना अत्यंत सराहनीय पहल है। मुख्य अतिथि मेयर सौरभ थपलियाल ने कहा कि “विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि बच्चों के सर्वांगीण विकास का आधार है। श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल, पुलिस लाइन ने यह सिद्ध किया है कि अनुशासन, परिश्रम और संस्कार ही उत्कृष्टता की पहचान हैं।” Wing Commander विक्रांत उनियाल ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों और विद्यालय के अनुशासित वातावरण की प्रशंसा की, वहीं जी.एस. तोमर, एजुकेशन ऑफ़िसर, एसजीआरआर एजुकेशन मिशन ने कहा कि आयोजन की गुणवत्ता और बच्चों की भागीदारी संस्था की निरंतर प्रगति का परिचायक है। प्रतिभा अत्री, प्रिंसिपल एसजीआरआर रेसकोर्स ने कहा कि “बच्चों की प्रस्तुतियाँ समर्पण, परिश्रम और सृजनात्मकता का सुंदर संगम थीं।”निर्णायक मंडल में कविता बिष्ट एवं कैलाश चंद्र ध्यानी उपस्थित रहे। ध्यानी ने अपने बाँसुरी वादन से सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को विशिष्ट अतिथि अभिनव थापर, प्राची जुयाल, जी.एस. तोमर व अन्य अतिथियों ने पुरस्कार एवं ट्रॉफियाँ प्रदान कीं। श्रीमती मेनका शाह ने परिणामों की घोषणा की, जिसमें —नृत्य नाटिका में शिवाजी सदन प्रथम,समूह नृत्य में अशोक सदन प्रथम,स्पोर्ट्स ट्रॉफी अशोक सदन को,तथा ओवरऑल को-करिकुलर ट्रॉफी टैगोर सदन ने जीती।धन्यवाद ज्ञापन स्कूल कैप्टन आराधना चमोली ने प्रस्तुत किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन सिमरन और उत्सुक ने किया।समारोह का समापन सभी विद्यार्थियों की ग्रैंड फिनाले प्रस्तुति एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ। कार्यक्रम में मेनका शाह, अमित सिंह राणा, श्वेता बिष्ट, शर्मिला रावत, विनिता किष्टवाल, सविता ध्यानी, कुमुद जोशी, शशिकला राणा, सविता डोभाल, रोशनी उनियाल, मीना बमरारा, संगीता कला एवं अर्चना रावत सहित बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे और पूरे आयोजन का आनंद उठाया।
