देहरादून, जिला प्रशासन ने आपदा राहत कार्यों में तेजी लाते हुए अब तक 1152 आपदा प्रभावितों को 1.21 करोड़ रुपये के चैक वितरित किए हैं। मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन और प्रेरणा से रेस्क्यू एवं रिलीफ कार्य युद्धस्तर पर चल रहे हैं। प्रशासन की ओर से जारी जानकारी के अनुसार अब तक वितरित धनराशि में 975 अहैतुक सहायता चैक, 35 भवन क्षतिग्रस्त, 65 पक्के भवन आंशिक क्षतिग्रस्त, 27 कच्चे भवन आंशिक क्षतिग्रस्त, 02 अनुग्रह सहायता और 45 कृषि अनुदान के लाभार्थी शामिल हैं। सहायता वितरण का कार्य मजाड़, सहस्त्रधारा, फुलेत, क्यारा समेत कई आपदा प्रभावित इलाकों में किया गया। जिलाधिकारी सविन बंसल ने संबंधित उप जिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षति आंकलन शीघ्र पूर्ण कर मुआवजा वितरण में किसी प्रकार की देरी न हो, ताकि प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत मिल सके। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि किसी भी आपदा प्रभावित को बिना सहायता के नहीं छोड़ा जाएगा।
