सहसपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत सिंघनीवाला निवासी एक महिला ने पुलिस को तहरीर देकर गांव के चार लोगों पर घर में घुसकर मारपीट और गाली-गलौज करने का आरोप लगाया है। आरोप लगाया कि बेटियों के साथ भी आरोपितों ने गाली-गलौज कर मारपीट की।
शमिला पत्नी गुलजार, निवासी सिंघनीवाला ने सहसपुर थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 14 अक्टूबर को वह अपनी बेटियों के साथ घर के अंदर अपने घरेलू कामकाज निपटा रही थी। तभी सादिक, शाकिर, शहबाज और अर्वेश पंडित उनके घर में घुस गए, जहां आरोपितों ने उसके और उसकी बेटियों के साथ मारपीट शुरू कर दी।
आरोपितों ने उनको बुरी तरह से पीटा। शोरा शराबा मचाने पर जब गांव के लोगों को पता चला तब आरोपित भाग निकले। बताया कि मारपीट के दौरान आरोपितों ने उनके साथ गाली-गलौज कर अभद्र भाषा का प्रयोग किया। तहरीर में महिला ने कहा कि आरोपितों से उसको और उसके परिवार के लिए खतरा हो गया है। आरोपित उनकी जान के दुश्मन बने है और कभी भी कोई बड़ा हादसा कर सकते है ।
महिला ने आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। थानाध्यक्ष गिरीश नेगी ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ घर में घुसकर मारपीट और गाली- गलौज करने का मुकदमा दर्ज कर दिया है।
